राठ। परिजनों से विवाद के बाद युवक ने घर की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। सीएचसी से गंभीर हालत में मेडिकल कालेज झांसी रेफर किया गया। झांसी में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
शहर के लुधियातपुरा मोहल्ला निवासी नृपत अहिरवार ने बताया सोमवार रात उनके छोटे पुत्र रविंद्र उर्फ डब्लू (30) किसी बात पर परिजनों से नाराज थे। शराब पीने के बाद नशे की हालत में मकान की दूसरी मंजिल से नीचे कूद गए। उनके सिर में गंभीर चोट आईं। परिजन सीएचसी ले गए। जहां हालत नाजुक होने पर डॉ. एमपी सिंह ने मेडिकल कालेज झांसी रेफर कर दिया। झांसी में इलाज के दौरान देर रात रविंद्र की मौत हो गई। नृपत ने बताया वह भवन निर्माण का ठेका लेते हैं। बड़े पुत्र सुरेंद्र गल्ला का काम करते हैं। मृतक की मां तिजिया की बीते वर्ष सड़क हादसे में मौत हो गई थी। मृतक अपने पीछे पत्नी राधा व डेढ़ साल की पुत्री किंजल को रोता बिलखता छोड़ गए हैं।