श्रीनगर (महोबा)। दंपती के बीच हो रहे विवाद की सूचना पर पहुंची यूपी 112 पुलिस के साथ दबंगों ने मारपीट कर दी।
बीच-बचाव करने के दौरान पांच लोगों ने सिपाही और होमगार्ड को पीट दिया। बाद में थाना पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी फरार हो गए। पीड़ित सिपाही की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद व चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट, धमकी और सरकारी काम में बाधा का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
थाना श्रीनगर के डिगरिया निवासी अर्जुन सिंह यादव की बेटी अनीता की शादी आठ साल पहले थाना पनवाड़ी के सिलारपुरा गांव के धीरेंद्र के साथ हुई थी। आए दिन पति की मारपीट से नाराज होकर अनीता कई सालों से मायके में माता-पिता के साथ रह रही थी। गुरुवार शाम पति बोलेरो कार से चार साथियों के साथ ससुराल आया और पत्नी से चलने की बात कहने लगा। जब पत्नी ने जाने से इन्कार किया तो पति ने उसकी पिटाई कर दी। इसकी सूचना यूपी 112 पुलिस को दी गई।
सूचना पर सिपाही संजय चौहान व होमगार्ड मिठाईलाल मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कराते हुए मामला जानने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपियों ने सिपाही और होमगार्ड के साथ मारपीट कर दी। सूचना थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल गांव पहुंचा, लेकिन तब तक आरोपी कार से भाग निकले। सिपाही संजय चौहान ने थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया। थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह ने बताया कि सिपाही की तहरीर पर भूपेंद्र यादव व चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट, गाली गलौज, धमकी और सरकारी काम में बाधा की रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।