संवाद न्यूज एजेंसी
राठ। पनवाड़ी फोर लेन मार्ग निर्माण में अनियिमितता के चलते जगह जगह जंपिंग से हादसे हो रहे हैं। विधायक मनीषा अनुरागी ने लोक निर्माण विभाग को जांच के लिए पत्र लिखा था। रविवार को विभागीय अधिकारियों ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता परखी।
जर्जर पनवाड़ी मार्ग फोर लेन बनने पर लोगों ने राहत की सांस ली। निर्माण कार्य में अनियमितता के चलते रोड का सही तरह से समतलीकरण नहीं किया गया। समतलीकरण न होने से एक साइड पर रोड में उछाल की स्थिति है। जिसका शिकार बनकर वाहन चालक आए दिन दुर्घटनाओं की भेंट चढ़ रहे हैं। मामले का संज्ञान लेकर विधायक मनीषा अनुरागी ने लोक निर्माण विभाग को पत्र लिखा था। रविवार को अधीक्षण अभियंता सुरेंद्र कुमार अपनी टीम के साथ पहुंचे।
मार्ग निर्माण की गुणवत्ता परखने के लिए सैंपल लिए गए हैं। उन्होंने कहा निर्माण कार्य में कमी पाए जाने पर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। टीम में अधिशासी अभियंता द्रगपाल सिंह वर्मा, सहायक अभियंता विनोद कुमार यादव, अवर अभियंता रमेश चंद्र गुप्ता, अजय कटियार, अमित निगम, जितेंद्र कुमार व राजेश द्विवेदी सहित विधायक प्रतिनिधि भरत अनुरागी, स्वर्णकार धर्मशाला के अध्यक्ष बृजभूषण दाऊ, दीपू मुंशी, योगेश मामा आदि रहे।