राठ। चचेरे भाई के मंडप कार्यक्रम के दिन स्नातक के छात्र की करंट लगने से मौत हो गई। खेत की सिंचाई के बाद नलकूप बंद करते समय स्टार्टर में उतरे करंट से हादसा हुआ। छात्र की मौत से शादी वाले घर में मातम पसर गया।
कोतवाली क्षेत्र के इकठौर गांव निवासी नंदकिशोर राजपूत ने बताया रविवार को बड़े भाई दीनदयाल के पुत्र अंकित का मंडप था। घर में कार्यक्रम चल रहा था। इसी बीच उनके इकलौता पुत्र अनूप कुमार (20) खेत में गन्ने की फसल की सिंचाई कर रहा था। नलकूप बंद करते समय अनूप स्टार्टर में उतरे करंट की चपेट में आ गया। परिजन सीएचसी लेकर पहुंचे। जहां डॉ चतुर्भुज राजपूत ने उसे मृत घोषित कर दिया। अनूप एक महाविद्यालय में बीएससी का छात्र था। अगले साल अनूप का विवाह होना था। मौत पर मां कांति, बहन पूजा का रो रो कर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।