भरुआसुमेरपुर। बिवांर थानाक्षेत्र के बण्डा गांव में भैंस चराने गए चरवाहा पर बिजली गिरने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बण्डा गांव निवासी बारेलाल वर्मा (50) गांव में लोगों की भैंसों को चराने का काम करता था। पुत्र सैय्यददीन वर्मा ने बताया कि शनिवार को भी भैंसें लेकर चराने गया था। दोपहर बाद बारिश होने पर भीगने से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़ा हो गया। इसी दौरान उस पर बिजली आ गिरी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। भैंसोें के अपने आप घर लौटने पर परिजन उसकी तलाश में जुट गए। रात दस बजे उसका शव खेत में पड़ा मिला। उसके (मृतक) चार बेटियां व एक पुत्र है। बेटा और बेटियों की शादी हो चुकी है। पत्नी की दो वर्ष पहले मौत हो चुकी है।