भरुआसुमेरपुर। नवीन गल्ला मंडी में स्ट्रांग रूम व मतगणना होगी। इसकी सुरक्षा अभेद होनी चाहिए। यह बात जिला निर्वाचन अधिकारी ने निरीक्षण के दौरान कही।
शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी डा. चंद्रभूषण ने एसपी कमलेश दीक्षित के साथ नवीन गल्ला मंडी पहुंचकर स्ट्रांग रूम आदि का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मंडी की नालियां चोक होने पर नाराजगी जताई और साफ सफाई कराने के निर्देश मंडी सचिव और नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को दिए। थानाध्यक्ष को सुरक्षा प्वाइंटों पर आवश्यक बैरिकेडिंग कराने को कहा। कहा कि दोनों विधानसभा चुनाव के लिए अलग अलग स्ट्रांग रूम बनना है। साफ सफाई, पानी, बिजली, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए। उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अभियंता से सारी व्यवस्थाएं पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
इस मौके पर मंडी सचिव बृजेश निगम, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी रवि यादव, थानाध्यक्ष रामेंद्र तिवारी मौजूद रहे।