हमीरपुर। माफिया अतीक ब्रदर्स हत्याकांड का आरोपी सनी सिंह उर्फ पुराने को प्रतापगढ़ जेल से तलब कराए जाने की कार्रवाई जा रही है। कोर्ट ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने के साढ़े तीन साल पुराने मामले में गैर जमानती वारंट जारी कर तीन माह पूर्व फरार होने की कार्रवाई की थी। मामले में कुरारा थाने के पैरोकार ने हत्यारोपी को तलब कराए जाने के लिए कोर्ट को अवगत कराया है।
अतीक ब्रदर्स हत्याकांड का आरोपी सनी सिंह के खिलाफ 16 सितंबर 2019 को पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने व जानमाल की धमकी देने का मामला कुरारा थाना में दर्ज किया गया था। जिसमें तत्कालीन उपनिरीक्षक जीतेंद्र कुमार ने बताया था कि 15 सितंबर की दोपहर वह व उपनिरीक्षक कमलाकांत, कांस्टेबल कमल सिंह, मनीष कुमार व चंद्रपाल विधानसभा उपचुनाव को लेकर मनकी तिराहा पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी मुखबिर द्वारा सूचना मिली की दो व्यक्ति झोला में अवैध गांजा व तमंचा लिए मनकी तिराहे की ओर आ रहे हैं। बताया कि जैसे ही बदमाशों ने पुलिस टीम को आता देखा तो वह नलकूप के पास छिप गए। पुलिस ने ललकारा तो दोनों बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। आरक्षी कमल यादव ने जवाबी फायर किया। जिसपर दोनों बदमाशों ने आत्मसमर्पण कर दिया। जिन्होंने पूछताछ में अपना नाम पता सनी सिंह उर्फ पुराने व हीरु प्रताप सिंह निवासी कुरारा बताया। तलाशी में दो तमंचे व सवा किलो गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने हत्या का प्रयास सहित जानमाल की धमकी का मामला दर्जकर आरोप पत्र कोर्ट में पेश किया था। हत्यारोपी को कुछ दिनों बाद कानपुर जेल भेज दिया गया। जिसपर 19 मार्च 2020 को सनी कानपुर जिला कारागार से कोर्ट में उपस्थित हुआ था। वहीं 17 अगस्त 2021 से दोनों आरोपी कोर्ट में हाजिर नहीं हुए। जिसपर एफटीसी द्वितीय कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी कर 27 जनवरी 2023 को हत्यारोपी सनी के खिलाफ फरार होने की कार्रवाई की थी।
शासकीय अधिवक्ता ने बताया कि कुरारा थाने के पैरोकार ने हत्यारोपी सनी को तलब कराए जाने के लिए कोर्ट को अवगत कराया है। वहीं दूसरे आरोपी हीरू प्रताप सिंह के अधिवक्ता ने उसे जिला कारागार से तलब कराए जाने का प्रार्थना पत्र कोर्ट को दिया है।
ससुराल जाने की जिद में अड़ी सनी की बहन
भाई की आर्थिक स्थित खराब, आस पड़ोस से उधार लेकर कर रहा भरण पोषण
संवाद न्यूज एजेंसी
कुरारा (हमीरपुर)। माफिया ब्रदर्स हत्याकांड मामले में कस्बा के हत्यारोपी सनी सिंह की बहन ने आर्थिक स्थिति कमजोर देख पुलिस से अपनी ससुराल जाने की बात कही है। कहा कि दूसरों से उधार लेकर भाई भरण पोषण कर रहा है। प्रयागराज हत्याकांड के हत्यारोपी सनी सिंह की बहन सरिता सिंह ने बताया कि उसके भाई पिंटू की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। जिसके चलते वह अपने ससुराल जाने के लिए पुलिस से गुहार लगाई है। बताया कि उसके तीन बच्चे हैं। जिनकी 10 दिन से पढ़ाई बर्बाद हो रही है। बच्चे विद्यालय नहीं जा पा रहे हैं। वहीं उसकी सास का स्वास्थ्य खराब है। जिनको देखने के लिए वह जाना चाहती है, लेकिन पुलिस उसे जाने नहीं दे रही है। कहा कि भाई की माली हालत दिन प्रतिदिन खराब होती जा रही है। जो अपने बच्चों को आस-पड़ोस से उधार लेकर खिला रहा है। वह उसपर बोझ नहीं बनना चाहती। वहीं ड्यूटी में तैनात उपनिरीक्षक देवीदीन ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टिगत पुलिस बल तैनात किया गया है। जब तक कोई निर्देश नहीं मिलते, उन्हें कैसे छोड़ सकते हैं।
सीओ राजेश कमल का कहना है कि उनके संज्ञान में नहीं है कि उनके किसी परिजन की तबियत खराब है। मामले की जानकारी कर जाने को लेकर उचित निर्णय लिया जाएगा।