खेत में पानी भरने पर दर्ज कराई रिपोर्ट
राठ। सड़क काटकर जबरन खेत में पानी भरने पर पीड़ित ने आरोपी पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मुस्करा थाने के गुंदेला गांव निवासी शिरोमणि त्रिपाठी ने बताया कि हाईवे के पास उनका 35 बीघा का खेत है। खेत से गुजरी डामर सड़क को गांव के ही लल्लीराम यादव ने जेसीबी मशीन से कटवा दिया। जिससे उनके खेत में पानी भरने से 35 बीघा मसूर की फसल जलमग्न हो गई है। उनका करीब सात लाख रुपये का नुकसान हुआ है। मौके पर पहुंची यूपी 112 व थाना पुलिस ने सड़क का कटान बंद करा जेसीबी को कब्जे में ले लिया। आरोपी को भी पुलिस थाने ले गई। पीड़ित शिरोमणि त्रिपाठी ने उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत कराते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मुस्करा एसओ ने कहा कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं जेसीबी चालक को पूछताछ के लिए बुलाया है।