संवाद न्यूज एजेंसी
बिवांर(हमीरपुर)। मुस्करा विकासखंड क्षेत्र के निवादा गांव में दो दिसंबर से शुरू होने वाली रामकथा को लेकर शुक्रवार को भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। शनिवार को कार्यक्रम में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शामिल होंगे। जिनके आने को लेकर डीएम व एसपी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
शुक्रवार सुबह करीब 10.30 बजे लोदीपुर-निवादा गांव में दो दिसंबर से शुरू हो रही रामकथा को लेकर भव्य कलशयात्रा निकाली गई। गांव निवासी दुष्यंत सिंह के आवासीय परिसर में बने बाबा विश्वनाथ मंदिर से शुरू होकर कलशयात्रा लोदीपुर-निवादा दोनों गांवों में भ्रमण करती हुई हमीरपुर-राठ रोड़ किनारे बने रामकथा परिसर पहुंची। सैकड़ों की संख्या में महिलाएं अपने सिरों पर कलश लिए मंगल गीत और भक्ति गीत गाते कलश यात्रा में शामिल रही।
हाथी, घोड़े, रथ और तरह-तरह की झांकियां भी कलशयात्रा की शोभा रहीं। वहीं विद्यालय के छोटे बच्चे भी हाथों में तिरंगा लिए और कुछ देश के जवानों के वेशभूषा में सजे, हाथों में बंदूक लिए देशप्रेम का संदेश देते दिखाई दिए। आयोजक दिव्यप्रेम सेवा मिशन के अध्यक्ष डॉ.आशीष सिंह गौतम के साथ कथा वाचक विजय कौशल, सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल, राठ विधायक मनीषा अनुरागी, जिला पंचायत अध्यक्ष जयंती राजपूत, नगर पालिका अध्यक्ष कुलदीप निषाद, जिला महामंत्री नवेंद्र सिंह, दुष्यंत सिंह, गुड्डु परिहार, अभिषेक तिवारी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अजय पाल राजपूत समेत करीब 10 हजार लोग कलश यात्रा में शामिल रहे।
-
डीएम व एसपी ने देखी तैयारियां
फोटो 01 एचएएमपी 19 परिचय- कथा स्थल का जायजा लेते डीएम व एसपी। स्रोत सूचना विभाग
हमीरपुर। शनिवार को रामकथा के शुभारंभ पर देश के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद कथा का रसपान करने पहुंचेंगे। जिसे लेकर जिलाधिकारी राहुल पांडेय व पुलिस अधीक्षक डॉ. दीक्षा शर्मा ने कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड स्थल का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ मैदान में बैरिकेडिंग व्यवस्था, वीआईपी व आम जनमानस के प्रवेश व निकासी व्यवस्था के बारे में जानकारी कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था में लगाए गए मजिस्ट्रेट व पुलिस विभाग के अधिकारियों को कार्यक्रम के संबंध में विस्तार पूर्वक ब्रीफ किया। इस मौके पर सीडीओ चंद्रशेखर शुक्ला, एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार मिश्रा, एडीएम नमामि गंगे राजेश कुमार यादव, एडीएम न्यायिक डॉ. नागेंद्र नाथ यादव, सभी एसडीएम /मजिस्ट्रेट, सीओ, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी तथा अन्य संबंधित मौजूद रहे।