राठ। क्षेत्र के कैंथी गांव में चिकनपॉक्स से 20 दिन में तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई है। 11 बच्चे इस बीमारी से ग्रस्त हैं। एक की हालत नाजुक होने पर झांसी रेफर किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंच कर जांच में जुटी है।
कैंथी गांव के मनोज पाल ने बताया 11 माह पहले पुत्र आरव को जन्म देने के बाद पत्नी मालती की मौत हो गई थी। पुत्र चिकनपॉक्स की चपेट में आ गया। झांसी में इलाज के दौरान 11 अगस्त की सुबह मौत हो गई थी। मुकेश राजपूत ने बताया 18 माह के पुत्र नैतिक की चिकनपॉक्स की चपेट में आकर इलाज के दौरान 28 जुलाई को मौत हो गई। वहीं, सरमन श्रीवास ने बताया ढाई वर्षीय पुत्र अंशू 12 दिन से चिकनपॉक्स व बुखार से पीड़ित था। मंगलवार रात अंशू की मौत हो गई। एएनएम मालती देवी ने बताया आठ माह के अंश की हालत खराब होने पर गुरुवार सुबह मेडिकल काॅलेज झांसी रेफर किया गया है। वहीं, गांव में निशांत (5), कार्तिक (5), शैलेंद्र (2), अंशू (14), अंश (2), मानवी ढाई वर्ष, मानवेंद्र (3), त्रिशु (12), राशि (9) व दस माह की रीनू चिकनपॉक्स से पीड़ित हैं। ग्रामीणों का आरोप है बीमारी का प्रकोप चरम पर पहुंचने पर स्वास्थ्य विभाग ने सुध ली। सीएचसी अधीक्षक नौरंगा डॉ. भरत राजपूत ने कहा विभागीय कार्य से बाहर हैं। ग्रामीण बीमारी को दैवीय प्रकोप मानकर दवा खिलाने से कतरा रहे हैं। झाड़फूंक का सहारा लेने से बच्चों की हालत बिगड़ रही है। गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजकर जांच व इलाज कराया जा रहा है।