हमीरपुर/मौदहा। जनपद में बिना मान्यता के दस मदरसे संचालित हैं। जांच के बाद भी इन मदरसों की मान्यता नहीं ली गई है।
शुक्रवार को डीएम के निर्देश पर अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने तहसीलदार मौदहा और पुलिस बल के साथ मौके पर जांच की है। इन सभी को बंद करने का नोटिस थमाया गया है। साथ ही चेतावनी दी है कि अगर संचालित हुए तो मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
विभाग की जांच में मदरसा गुलशन ए रहमत हमीरपुर, जामिया शेख अब्दुल कादिर जिलानी कम्हरिया रोड मौदहा, मदरसा फैजान ए बदरुल औलियाम्कम्हरिया मौदहा बिना मान्यता के चल रहे। इसके अलावा मदरसा माहिर उलूम कांशीराम कॉलोनी मौदहा, फेजाने करीमियां अरबिया चौधराना हुसैनगंज मौदहा ने भी मान्यता नहीं ली।
वहीं दावत ए इस्लामियां कजियाना मौदहा, मखदूमियां इस्लामियां राठ, मदरसा गरीब नवाज राठ, मदरसा अल्मामियां तुल अरबिया मुईनुल उलूम बजरिया राठ बिना मान्यता के संचालित थे।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि मौके पर जाकर सभी को बंद करने का नोटिस दिया गया है। निर्देशित कर दिया गया है कि यदि बाद में खुले मिले तो संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कराया जाएगा। जांच में जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, नायाब तहसीलदार महेंद्र गुप्ता एवं कोतवाली मौदहा से पुलिस फोर्स मौजूद रहा।