महोबा। जनपद औरेया के करमपुर के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार चाचा-भतीजे की मौत की घटना के बाद महोबा के बम्हौरी बेलदारन गांव में मातम छा गया। घटना की सूचना आते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। 14 फरवरी को मृतक नरेंद्र के छोटे भाई की शादी थी। जिसमें शामिल होने के लिए भाई व चाचा नोएडा से घर लौट रहे थे। एक साथ चाचा-भतीजे की मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
महोबा के बम्हौरी बेलदारन गांव निवासी नरेंद्र अहिरवार (26) अपने चाचा मानसिंह (35) के साथ नोएडा में रहकर बिजली का काम करता था। 14 फरवरी को नरेंद्र के छोटे भाई पुष्पेंद्र की शादी तय थी। शादी की तैयारियां चल रहीं थीं। शादी में शामिल होने के लिए चाचा-भतीजे बाइक से नोएडा से महोबा आ रहे थे। तभी राष्ट्रीय राजमार्ग में करमपुर, औरेया के पास हादसा हो गया। चाचा-भतीजे की मौत की सूचना गांव आने पर परिजन घटनास्थल के लिए निकल गए।
घटना से मृतक नरेंद्र की पत्नी सुखदेवी और बच्चे नीतू व चीकू का रो-रोकर बुरा हाल है। मां पानकुंवर अपनी सुधबुध खो बैठी है। वहीं मानसिंह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसने छह माह पहले ही मुखिया देवी से कोर्ट मैरिज की थी। घर में मौजूद छोटे-छोटे बच्चे और अन्य परिजन गमगीन रहे। दहाड़े मारकर रो रहे नरेंद्र के पिता जवाहरलाल ने बताया कि छोटे बेटे की शादी की तैयारियां चल रहीं थीं। उसे क्या पता था कि शादी में शामिल होने आ रहा बेटा कभी नहीं लौटेगा।