हमीरपुर। आठवीं तक के अल्पसंख्यक विद्यार्थियों को अब केंद्रीय छात्रवृत्ति नहीं मिलेगी। जिले के 84 मदरसों के 1470 आवेदन निरस्त कर दिए गए हैं। केंद्रीय अल्पसंख्यक विभाग ने इस बाबत आदेश जारी कर दिया है। इस आदेश से मदरसा में पढ़ने वाले छात्रों में निराशा है।
केंद्र सरकार की ओर से प्री मैट्रिक योजना के अंतर्गत पहली से दसवीं तक के अल्पसंख्यक विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जाती है। कक्षा एक से पांच तक के विद्यार्थियों को एक वर्ष एक हजार रुपये दिए जाते हैं। छठवीं से आठवीं तक के लिए अधिकतम चार हजार रुपये तक छात्रवृत्ति है। इसके लिए 15 नवंबर तक आवेदन मांगे गए थे। संस्थानों की ओर से सत्यापन के बाद आवेदन फारवर्ड भी कर दिए गए थे।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी हिमांशु अग्रवाल का कहना है कि आदेश आया है इसी के अनुसार आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। एक से आठवीं तक के 1470 आवेदन निरस्त कर दिए गए हैं। अब इन्हें छात्रवृत्ति नहीं मिलेगी। मौदहा के मदरसा रहमानिया के कार्यवाहक प्रधानाचार्य अताउर रहमान का कहना है कि पूर्व में आठवीं के तक के छात्रों को छात्रवृत्ति मिलती रही लेकिन अब इसे बंद कर दिया गया। इस बाबत अभिभावकों को सूचना दे दी गई है।