भरुआसुमेरपुर। कस्बे की इमिलियाबाड़ा मोहल्ला में आर्थिक तंगी से जूझ रहे एक अधेड़ ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। मृतक आर्थिक तंगी से परेशान था।
कस्बे के इमिलियाबाड़ा मोहल्ला वार्ड संख्या तीन का निवासी दयाशंकर वर्मा (48) पशु बाजार के निकट अंडे का ठेला लगाकर परिवार का भरण पोषण करता था। पत्नी गुड़िया ने बताया कि कारोबार मंदा होने के कारण परिवार का गुजारा नहीं हो पा रहा था। इससे वह परेशान रहते थे। गुरुवार की रात में घर पर ही उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी गुड़िया, पुत्र समीर (16), मयंक (10), पुत्री सीमा (18) नंदनी (13) को रोते बिलखते छोड़ गया है। परिजनों ने पुलिस को बगैर सूचित किए शव का अंतिम संस्कार कर दिया।