हमीरपुर। तेज धूप और लू से दिनभर लोग बेहाल रहे। दोपहर एक बजे तक पारा बढ़कर 45 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। जिसके चलते राहगीर छांव ढूंढते नजर आए। देर शाम तापमान 36 डिग्री पहुंचा तो लोगों ने राहत महसूस की।
रविवार को इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा है। जहां अधिकतम पारा 45 पार पहुंच गया। हालांकि पिछले वर्ष की तुलना में दो डिग्री तापमान कम है। सुबह से ही गर्म हवाओं के चलने से लोग छाता लेकर घरों से निकले। इसके बाद भी लोगों को सिर व चेहरे में कपड़ा बांधना पड़ा। तेज तपिश के चलते दोपहर बाद सड़कों पर सन्नाटा सा पसर गया। लोक अदालत में आए वादकारी पेड़ की छांव में आराम करते रहे। वहीं कई दुकानों व ठेलों पर शीतल पेय पीते नजर आए।
रात में बार-बार बिजली आने जाने से लोगों की नींद खराब हो रही है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि गर्मी में लोड बढ़ जाने से मशीनों में ट्रिपिंग की समस्या आ रही है। अधिशासी अभियंता सुमित ब्यास कहते हैं कि विद्युत सप्लाई को सुचारू रखने के प्रयास लगातार जारी हैं।
-
डॉक्टर की सलाह
गर्मी से हो रही पानी की कमी...शरीर में कमजोरी
- भीषण गर्मी से बच्चों को अधिक परेशानी हो रही है। उल्टी-दस्त व तेज बुखार से प्रभावित हो रहे हैं। पानी की कमी से डिहाइड्रेशन व शरीर भी कमजोर हो रहा है। जिला अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सुमित सचान कहते हैं कि डायरिया व डिहाइड्रेशन से पीड़ित बच्चों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इनमें कई बच्चे पानी की कमी के चलते उनका शरीर बेजान प्रतीत होता है।
-
इन बातों का रखें ध्यान
- बच्चों को अंतराल में पानी पिलाते रहे, धूप में खेलने से रोकें, दिन में बाहर न जाने दें, दूषित व खुली सामग्री खिलाने से बचें। फास्ट फूड, तले भोजन खिलाने से बचाएं, दस्त आने पर बच्चों को ओआरएस पिलाएं, फलों का जूस घर में ही निकालकर पिलाएं।