कुरारा। क्षेत्र पंचायत की बैठक गुरुवार को विकासखंड सभागार में ब्लॉक प्रमुख आशीष पालीवाल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मौजूद विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने विभाग से संचालित योजनाओं के संबंध में जानकारी दी। इस दौरान सर्वसम्मति से 13.62 करोड़ का लेबर बजट पास किया गया।
क्षेत्र पंचायत की बैठक में पशुपालन विभाग के प्रभारी डॉ.अमिताभ सचान ने गोशाला प्रबंधन व पशुपालन की जानकारी दी। खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार, बाल विकास विभाग की मीना ठाकुर ने सरकार की योजनाओं के बारे में बताया। जल निगम के सिद्ध गोपाल त्रिवेदी ने 62 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन नमामि गंगे परियोजना के संबंध में बताया। खाद्यान्न विभाग के इंस्पेक्टर गिरजा शंकर ने नि:शुल्क खाद्यान्न वितरण के संबंध में जानकारी दी।
बरुआ प्रधान प्रतिनिधि ने कोटेदार के खिलाफ राशन वितरण ठीक से न करने की शिकायत की। एडीओ पंचायत धर्मेंद्र पाल ने जन्म मृत्यु का पंजीकरण ग्राम पंचायत सचिव के पास 21 दिन के अंदर करा लेने की बात कही। एपीओ मनरेगा ने बताया कि मनरेगा से 200 से अधिक कार्य कराए जाने का प्रावधान है। इस वर्ष 2 लाख 76 हजार 752 मानव दिवस रोजगार उपलब्ध कराए गए हैं। बीडीओ दिव्या त्रिपाठी ने सभी को पंचायत से संचालित योजनाओं की जानकारी दी।
बैठक में सर्व सम्मति से 13 करोड़ 62 लाख 9 हजार रुपये का लेबर बजट पारित किया गया। बीडीसी सदस्य डामर राजेंद्र सैनी, संजय यादव जखेला, हरनारायण सिंह शिवनी सहित प्रधान व सचिव मौजूद रहे।