कुरारा। विवाहिता ने मायके में फंदा लगाकर जान दे दी। पीड़ित पिता ने पति व ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
थानाक्षेत्र के शेखूपुर गांव निवासी अवधेश कुमार दीक्षित ने दी तहरीर मेें बताया कि रविवार सुबह करीब पांच बजे जब वह जगा तो देखा कि बेटी सुजाता (29) फंदे पर लटकी थी। कहा कि बेटी की शादी नौ दिसंबर 2023 को जनपद फतेहपुर के अमौली निवासी सचिन पुत्र दयाशंकर त्रिवेदी के साथ हुई थी। उसने अपनी सामर्थ्य के हिसाब से दान दहेज दिया था।
शादी के कुछ दिन बाद ही बेटी को पति व ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने लगे, जिससे परेशान होकर वह मायके में रह रही थी। आरोप लगाया कि इसके बाद भी ससुराल वाले लगातार फोन कर उसे धमकी देते थे, जिससे उसने परेशान होकर आत्महत्या कर ली। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति सचिन व ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।