महोबा। जनपद महोबा सौर ऊर्जा उत्पादन का हब बनेगा। जिले में 600 करोड़ की लागत से पांच सौर ऊर्जा प्लांट लगाए जाएंगे। यह निवेश ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट के दौरान किए गए एमओयू के तहत किसी एक सेक्टर की ओर से किया गया जिले का सर्वाधिक निवेश है। जो धरातल पर आकार लेने जा रहा है।
ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी का लखनऊ में पीएम नरेंद्र मोदी ने शुभारंभ किया। जिसका सीधा प्रसारण शहर के वीरभूमि राजकीय महाविद्यालय में दिखाया गया। इस दौरान निवेशकों में उत्साह दिखा। इसी के साथ ही जिले में औद्योगिक विकास का नया अध्याय शुरू हो गया है।
पीएम मोदी ने ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी 4.0 का शुभारंभ इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान गोमती नगर लखनऊ से किया। इस दौरान उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा से जुड़ीं करीब 20 मिनट की लघु फिल्म स्क्रीन पर दिखाई गई। इसके बाद पीएम मोदी का संबोधन शुरू हुआ। महोबा के 22 ऐसे निवेशकों को लखनऊ बुलाया गया। जो जिले में 10-10 करोड़ से अधिक का निवेश कर रहे हैं। पिछले वर्ष प्रदेश स्तर पर आयोजित ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट के दौरान महोबा जिले के लिए 127 एमओयू साइन हुए थे, जिसमें से 68 निवेशकों ने जिले में उद्योग लगाने के लिए सहमति दी।
जिले में 1,565 करोड़ रुपये के निवेश से 68 औद्योगिक इकाइयां स्थापित होंगी। 1,894 लोगों को रोजगार हासिल होगा। इस कार्यक्रम में जिले में स्थापित होने वाली 68 औद्योगिक इकाइयों का शिलान्यास किया गया। पशुपालन, डेयरी प्रोडक्ट उत्पादन, ऊर्जा के अतिरिक्त स्रोत, एमएसएमई, बागवानी, पर्यटन विकास से संबंधित 68 औद्योगिक इकाइयां स्थापित होंगी।
इस मौके पर सदर विधायक राकेश गोस्वामी, भाजपा जिलाध्यक्ष अवधेश गुप्ता, कोऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष चक्रपाणि त्रिपाठी, पालिकाध्यक्ष संतोष चौरसिया, डीएम मृदुल चौधरी, सीडीओ चित्रसेन सिंह, उपायुक्त उद्योग महेशचंद्र सरोज, जिला कौशल प्रबंधक ओपी यादव, वीरभूमि राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुशील बाबू, डॉ. डीके खरे, शैलेष तिवारी, समाजसेवी शिवकुमार गोस्वामी, कौशल विकास के डीपीएम संतोष चौरसिया, विभिन्न सेक्टर के उद्यमी रहे।