सरीला(हमीरपुर)। थाना जरिया के इंदरपुरा गांव में बीती रात अज्ञात बदमाशों ने तीन घरों में घुसकर सोने चांदी के गहने व 1,85,000 रुपये नकद सहित 20 लाख से भी अधिक का माल लेकर रफूचक्कर हो गए। बदमाश अपने साथ बक्से भी ले गए जिन्हें गहने निकालने के बाद गांव के बाहर फेंक गए।
इंदरपुरा गांव निवासी हरलाल राजपूत ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि गुरुवार रात रोज की तरह खाना खाकर परिवार के सभी लोग सो गए। देर रात बदमाशों ने घर में घुसकर 1,30,000 रुपये नकद एवं 17 लाख 80 हजार रुपये कीमत के सोने चांदी के जेवरात चोरी कर लिए हैं। इसी तरह गांव के धीरेंद्र कुमार ने बताया कि उसके घर में घुसकर 55,000 रुपये नगद एवं दो जोड़ी तोड़ियां चुरा ले गए हैं।
तीसरी घटना में नरेश ने बताया कि बीती रात में उसके घर में दो बदमाश अवैध तमंचा सहित घुसे। उसकी कनपटी पर तमंचा लगाकर अलमारी की चाबी मांगी और अलमारी में रखे 10 हजार रुपये नकद एवं सोने की जंजीर, सोने की चार चूड़ी, सोने की अंगूठी निकालकर ले गए हैं। सूचना पर सीओ आशीष यादव व इंस्पेक्टर प्रिंस दीक्षित ने मौके का निरीक्षण किया है। इंस्पेक्टर प्रिंस दीक्षित का कहना है कि एक चोरी की घटना हुई है। मामले में मुकदमा लिखा जा रहा है।