हमीरपुर। ललपुरा पुलिस द्वारा सोमवार तड़के जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए घायल ने इलाज दौरान मंगलवार सुबह दम तोड़ दिया। मंगलवार सुबह जिला अस्पताल पहुंचे मृतक के परिजनों ने मरीज का सही इलाज न करने का आरोप लगाते हुए हंगामा काटा। जिला अस्पताल के सीएमएस ने मामले की जांच के आदेश दिए है।
रविवार रात ललपुरा थानाक्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति घायल अवस्था में मिला। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। पुलिस की सूचना पर मंगलवार सुबह सात बजे राठ कस्बे के भटियाना मोहल्ला निवासी राजीव शर्मा परिजनों के साथ जिला अस्पताल पहुंचे। घायल की पहचान उन्होंने अपने भाई रमेश के रूप में की। साथ ही इलाज के लिए उसे उरई रेफर करने की मांग की। रेफर के लिए ले जाते समय जांच के दौरान वह मृत पाया गया। नाराज परिजनों ने डॉक्टरों पर गलत जानकारी देने व ठीक ढंग से इलाज न करने का आरोप लगाते हुए हंगामा काटा। मौके पर पहुंचे सीएमएस डा. विनय प्रकाश ने मामले की जांच डा. बनर्जी को सौंप दो दिन में रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने बताया कि नर्स के अनुसार रेफर से पूर्व घायल की सांसें चल रही थी। रेफर के दौरान जांच में वह मृत पाया गया। मामले की जांच कराई जा रही है। जो भी दोषी होगा उस पर कार्यवाही की जाएगी।