राठ (हमीरपुर)। धनौरी गांव में युवक और बरगढ़ में किशोर ने रस्सी का फंदा बनाकर खुदकुशी कर ली। किशोर जानवर चराने भेजने से खिन्न था। युवक के पिता ने गांव के दो युवकों के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने की तहरीर दी है।
धनौरी गांव निवासी जगमोहन पाल ने मंगलवार को पत्नी सुमित्रा के साथ खेतों पर मजदूरी करने गए थे। बेटा मदन पाल (18) घर में अकेला था। जगमोहन के अनुसार गांव के युवक से मदन ने कुछ समय पहले चार हजार रुपये उधार लिए थे और 15 अगस्त तक लौटाने का वादा किया था। मंगलवार को युवक साथी के साथ घर आया और रुपये देने का दबाव बनाया। रुपये न देेने पर मदन का मोबाइल छीनकर धमकी दी। जिससे आहत होकर मदन ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। खेत से लौटने पर माता-पिता ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। राठ कोतवाली के क्राइम इंस्पेक्टर आर के यादव ने कहा कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
इसी तरह चिकासी थाना क्षेत्र के बरगढ़ गांव में दीपेंद्र कुमार (17) ने मंगलवार शाम पशुबाड़े में रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पिता रामप्रसाद अहिरवार ने बताया कि दीपेंद्र को प्रतिदिन जानवरों को चराने भेजा जाता था, इस बात से वह खिन्न था। एसओ चिकासी हेमंत मिश्रा ने कहा कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।