हमीरपुर जिले के भरुआसुमेरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में नलकूप से लौटते समय दो युवकों ने तमंचे के बल पर किशोरी का अपहरण कर लिया। छोटी बहन ने घर जाकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। खोजबीन के बाद बेटी का सुराग न लगने पर परिजनों ने थाने में तहरीर दी है।
दरियापुर गांव के संतराम प्रजापति ने सोमवार को पुलिस को तहरीर दी। इसमें बताया कि रविवार रात करीब आठ बजे दो नाबालिग बेटियां नलकूप से घर लौट रही थीं। रास्ते में गांव के एक युवक ने साथी के साथ दोनों को रोक लिया। तमंचे के बल पर बड़ी बेटी को उठा ले गया।
छोटी बेटी ने घर पहुंचकर जानकारी दी। परिजनों ने रात में किशोरी को ढूंढा लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। थानाध्यक्ष रामआसरे सरोज ने बताया कि किशोरी के अपहरण की तहरीर मिली है। युवक का पिता, पीड़ित पक्ष के साथ थाने आया था। पुलिस टीम लगाकर जांच कराई जा रही है।