राठ (हमीरपुर)। आशा हेल्थ वर्कर्स एसोसिएशन के बैनर तले आशा कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को चौपरा मंदिर परिसर में बैठक की। इसके बाद डीएम और सीएमओ को ज्ञापन देकर मानदेय बढ़ाने और समस्याओं के निस्तारण की मांग की।
प्रदेश अध्यक्ष कुसुमलता यादव ने कहा आशा कार्यकर्ताओं पर स्वास्थ्य सेवा की बड़ी जिम्मेदारी है। इसके बावजूद उन्हें सम्मानजनक मानदेय नहीं मिलता है। जिलाध्यक्ष रानी ने आशा को 15 हजार और संगिनी को 20 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि देने की मांग उठाई।
आशा और संगिनी का आयुष्मान कार्ड बनवाने, आशा का मानदेय खाते में भेजने, सामूहिक बीमा योजना, दुर्घटना बीमा योजना, प्रधानमंत्री श्रम योगी कल्याण योजना का लाभ दिलाने की मांग भी की।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि योग्यता के आधार पर पंजीयन और प्रशिक्षण देकर एएनएम पद पर पदोन्नति की जाए। केंद्रों पर आशाओं के लिए कक्ष की सुविधा कराई जाए। उन्होंने कहा कि 24 दिसंबर तक मानदेय न बढ़ाया गया तो आशा कार्यकर्ता विधानसभा पहुंचकर मुख्यमंत्री को अपनी मांगें बताएंगी। ज्ञापन देने वालों में उषा श्रीवास्तव, आरती, भागवती पांडे और सुनीता आदि मौजूद रहीं।