संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। राजकीय महाविद्यालय मौदहा में बनवाई गई स्मार्ट क्लास के सामान की खरीद में हुए घपले का शासन ने संज्ञान लिया है। जहां निदेशक स्तर से जांच बैठाई गई है। वहीं जेम पोर्टल से खरीद को किए जाने वाले क्रय आदेशों के बाद सीआरएसी जनरेट व भुगतान प्रदर्शित न करने को लेकर असंतोष जताया है। ऐसे में जांच, ऑडिट व शिकायत में नामित जेम पोर्टल संचालक को उत्तरदायी ठहरा कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।
राजकीय महाविद्यालय मौदहा में स्मार्ट क्लास रूम बनाने के लिए मात्र छह सामग्री 17.82 लाख रुपये में खरीदी गई है। जिसमें मात्र दो पर्दे 61,905 रुपये की दर से व छात्रों के बैठने की कुर्सी 4229 रुपये की दर से खरीदी गई है। मामले की शिकायत एक संस्था ने डीएम समेत उच्चाधिकारियों से की। जिसे अमर उजाला ने पांच नवंबर के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया। साथ ही जेम पोर्टल से खरीदारी पर भी प्रश्नचिन्ह लगाया।
खबर को संज्ञान में लेते हुए उच्च शिक्षा निदेशक ब्रम्हदेव ने मामले की जांच क्षेत्रीय उच्च शिक्षाधिकारी झांसी व महोबा के वीर भूमि महाविद्यालय को मामले की जांच के आदेश दिए। वहीं प्रदेश भर के सभी क्षेत्रीय उच्च शिक्षाधिकारियों, प्राचार्यों व पुस्तकालयाध्यक्ष को पत्र भेज जेम पोर्टल से खरीद के आदेशों की अवहेलना पर नाराजगी जताई है। उन्होंने आदेश में कहा कि 16 मार्च 2023 को महाविद्यालयों में आवश्यक सामग्री खरीदने को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए, लेकिन जेम पोर्टल पर क्रय आदेशों के बाद सीआरएसी जेनरेट व भुगतान का विवरण प्रदर्शित नहीं किया जा रहा।
यह शासकीय आदेशों की अवहेलना व धनराशि दुरुपयोग स्थिति प्रदर्शित करती है। ऐसे में दी गई शासकीय धनराशि के उपयोग की वास्तविक स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाती है। उन्होंने इसका ध्यान रखने के साथ जॉच, ऑडिट व शिकायत के दौरान महाविद्यालय में जेम पोर्टल संचालन को नामित अधिकारी व कर्मचारी इसके जिम्मेदार होंगे। कमी पाए जाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इंसेट
ये है मामला
- राजकीय महाविद्यालय मौदहा में स्मार्ट क्लास के लिए खरीदा गया सामान बाजार में करीब 150 से 200 रुपये के बीच बिकने वाला पर्दा 61,904 रुपये की दर से दो खरीदे गए। इसी प्रकार इंट्रैक्टिव फ्लैट पैनल 75 का डिसप्ले 2,75,423 रुपये की दर से खरीदा गया जबकि मार्केट में यह एक से डेढ़ लाख रुपये में उपलब्ध है। वहीं 30 से 50 हजार कीमत में मिलने वाला ऑडियों पोडियम सिस्टम 1,11,525 रुपये की दर से खरीदा। एक केवीए 160 एएच बैट्री वाला इंवर्टर बाजार में 15 से 20 हजार रुपये में मिलता है। इसे यहां 42,872 रुपये की दर से खरीदा गया। आठ से दस हजार रुपये में मिलने वाली मैटल टेबल 16,949 रुपये की दर से खरीदी गई जबकि 1500 से दो हजार रुपये में मिलने वाली स्टूडेंट चेयर 4,228 रुपये की दर से खरीदी गई।