राठ। कोहरे में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर तीन ट्रक एक दूसरे से टकरा गए। दुर्घटना में ट्रक के चालक की मौत हो गई। वहीं दो ट्रकों के चालक बाल बाल बच गए।
यूपीडा बुंदेलखंड गश्ती दल के रियाज खान ने बताया बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर ड्यूटी कर रहे थे। बताया सोमवार तड़के कोहरे में जखेड़ी गांव के पास उरई की ओर से आ रहा सीमेंट लदा ट्रक आगे जा रहे ट्रक से टकरा गया। हादसे में ट्रक चालक रीवा जिले के निवी गांव निवासी स्वतंत्र कुमार मामूली जख्मी हो गए। इसी ट्रक में कुछ देर बाद पीछे से तीसरा ट्रक टकरा गया। तीसरे ट्रक के चालक मध्य प्रदेश के रीवा जनपद के गिरह मंगवा निवासी सोना सोंधिया (32) ट्रक की केबिन में फंस कर घायल हो गए। यूपीडा कर्मचारियों ने केबिन काटकर बाहर निकाला, सीएचसी ले गए जहां डॉ. अखिलेश कुमार सिंह ने मृत घोषित कर दिया। कोतवाल तारासिंह पटेल ने कहा कि जेब में मिले ड्राइविंग लाइसेंस से शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी है। शव को कब्जे में ले लिया है। परिजनों के आने पर पोस्टमार्टम कराएंगे।