हमीरपुर। बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण के गठन के लिए कैबिनेट से पांच हजार करोड़ रुपये की मंजूरी मिल गई है। ऐसे में जिले में नए औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना को लेकर उद्यमियों में आस जगी है। राठ क्षेत्र में औद्योगिक विकास कराने को उद्यमी लंबे समय से मांग कर रहे है।
वर्ष 1985 में सुमेरपुर कस्बे के दक्षिण दिशा में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना की गई। किसानों की 304 एकड़ जमीन अधिग्रहीत की गई। शुरुआती दौर में यहां 50 से अधिक इकाइयों का संचालन शुरू हुआ। टैक्स, बिजली में छूट समाप्त होते ही इकाइयां बंद होने लगी। वर्ष 2017 के बाद दोबारा औद्याेगिक विकास पर सरकार के जोर देने से इकाइयां बढ़ने लगी। राठ में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के निकट नए औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना की मांग होने लगी। उद्योग विभाग की ओर से जमीन की तलाश भी की गई। लेकिन नजूल भूमि नहीं मिल सकी। मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण के गठन के लिए लैंड बैंक बनाने को पांच हजार करोड़ रुपये के ऋण की मंजूरी मिल गई है। बीते फरवरी माह में आयोजित हुए ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में एमओयू भरने वाले उद्यमियों को भूमि जल्द मिलेगी। उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष केजी अग्रवाल व भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष ब्रजेश गुप्ता के अनुसार शासन के इस कदम से विकास में पिछड़े बुंदेलखंड की अलग पहचान बनेगी। राठ क्षेत्र में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के निकट जखेड़ी गांव के पास औद्यौगिक क्षेत्र स्थापित किया जा सकता है।