भरुआ सुमेरपुर। भीषण गर्मी के चलते कस्बे में विद्युत ट्रांसफार्मरों में आग लगने से कई घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। बिजली न मिलने से लोगों को गर्मी और उमस के बीच काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने ट्रांसफार्मरों की मरम्मत के बाद आपूर्ति बहाल कराई। गुरुवार की रात कस्बे के इमिलिया वार्ड संख्या-9 तथा डाक बंगला के समीप स्थित विद्युत ट्रांसफार्मरों में केबल सहित अन्य उपकरणों में आग लग गई। घटना के बाद संबंधित क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति तत्काल बंद करनी पड़ी। कई घंटे तक बिजली गुल रहने से उपभोक्ता परेशान रहे। विद्युत विभाग के अवर अभियंता कार्तिकेय त्रिपाठी ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण ट्रांसफार्मरों पर लोड बढ़ने से केबल आदि में आग लग गई थी। कर्मचारियों ने मरम्मत कार्य पूरा कर दोनों क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति बहाल करा दी। संवाद