राठ। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे की कार्यदायी संस्था अशोका कंपनी के जखेड़ी गांव के समीप स्थित स्टोर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। स्टोर में रखे सिलिंडर जोरदार आवाज के साथ फटने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने मार्ग पर आवागमन बंद करा दिया है।
हमीरपुर रोड पर जखेड़ी गांव के पास बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे क्राॅसिंग गोल चक्कर है। जहां पास में ही कार्यदायी संस्था अशोका कंपनी का गोदाम है। रविवार शाम करीब 6.30 बजे गोदाम में अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। स्टोर में बल्डिंग के लिए रखे आक्सीजन व हाइड्रोजन गैस के सिलिंडर जोरदार आवाज के साथ फटने लगे। जिससे स्टोर के आसपास लगी टिन शेड उछल कर दूर दूर तक जा गिरी। सूचना पर कोतवाली पुलिस व फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड कर्मी आग बुझाने में जुटे हुए हैं। आग इतनी विकराल थी की करीब ढाई घंटे बाद भी काबू नहीं पाया जा सकता। वहीं पुलिस ने हमीरपुर मार्ग पर वाहनों का आवागमन रोक दिया। जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लगी हुई है। कोतवाल संजय कुमार सिंह ने कहा आग लगने का कारण ज्ञात नहीं हुआ है। खतरे को देखते हुए वाहनों को रोका गया है। बताया आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है।