अजनर (महोबा)। ब्लॉक जैतपुर की साधन सहकारी समिति अजनर में खाद को लेकर मारामारी मची है। शनिवार सुबह से ही खाद के लिए कई गांव के किसान समिति पहुंच गए। किसानों का हो-हल्ला और हंगामा देखकर कर्मचारी समिति में ताला डालकर मौके से खिसक गए। सूचना पर पहुंचे उप कृषि निदेशक ने कर्मचारियों को बुलाकर किसानों को लाइन में लगवाते हुए खाद का वितरण शुरू कराया। जिन किसानों को खाद नहीं मिल सकी। उन्हें सोमवार को पर्याप्त खाद मिलने का भरोसा दिया गया।
अजनर समिति में दो दिन से किसानों की भीड़ जुट रही है। इसका मुख्य कारण आसपास की बुधवारा व खमा समिति में खाद न होने के चलते किसान यहां पहुंच रहे हैं। अजनर समिति में महज 200 बोरी डीएपी खाद मौजूद थी। कर्मचारी खाद वितरण के लिए समिति पहुंचे, लेकिन 500 से अधिक किसान खाद लेने पहुंच गए। पहले खाद लेने को लेकर किसानों ने हंगामा शुरू कर दिया। किसानों का हो-हल्ला देखकर कर्मचारी खाद वितरित किए बिना ही समिति में ताला लगाकर खिसक गए। जिससे किसान भड़क गए और मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दी।
सूचना मिलते ही उप कृषि निदेशक डॉ. अभय कुमार सिंह यादव समिति पहुंचे। तब तक तमाम किसान बिना खाद के बैरंग लौट गए। समिति में मौजूद किसानों को समझाकर लाइन में लगवाया गया। उप कृषि निदेशक ने समिति खुलवाकर किसानों को खाद का वितरण कराया। बताया कि बुधवारा और खमा समिति में भी रविवार को खाद भेज दी जाएगी। सोमवार से किसानों को भरपूर खाद मिलेगी। किसी को भी खाद के लिए परेशान नहीं होने दिया जाएगा।
चहेतों को अधिक खाद देने का आरोप
पनवाड़ी। ब्लॉक पनवाड़ी की साधन सहकारी समिति देवगनपुरा में दो दिन से किसानों को यूरिया खाद का वितरण किया जा रहा है। खाद वितरण में भेदभाव किए जाने से किसानों में आक्रोश है। किसान दुलीचंद्र, रामप्रताप, मोहन, मुन्ना आदि का कहना है कि समिति का कर्मचारी चहेतों को 15-15 बोरी खाद दे रहे हैं। तमाम लोग ट्रैक्टरों में लादकर खाद ले जा रहे हैं, जबकि लाइन में लगने वाले किसानों को दो-दो बाेरी खाद दी जा रही है। उप कृषि निदेशक का कहना है कि मामला संज्ञान में नही हैं। फिर भी जांच कराई जाएगी।