हमीरपुर जिले के राठ कोतवाली क्षेत्र में पेड़ के नीचे बैठे किसान के ऊपर डाल टूट कर गिरने से मौत हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। नौहाई गांव निवासी दीपक ने बताया उनके पिता भानुप्रताप सैनी (50) सोमवार सुबह घर से कुछ दूरी पर नीम के पेड़ के नीचे बैठे थे।
तभी नीम की डाल टूट कर उनके ऊपर गिरने से घायल हो गए। ग्रामीणों ने सीएचसी में भर्ती कराया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टर ने मेडिकल कालेज उरई रेफर कर दिया। देर रात उरई में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक के नाम पर दो एकड़ कृषि भूमि है।
इस पर खेती करने के साथ ही मजदूरी करते थे। पत्नी मंजू, अपने पुत्र दीपक, आनंद और अजय के साथ दिल्ली में मजदूरी करतीं हैं। उरई में पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार सुबह किसान का शव गांव पहुंचा। हादसे में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।