भरुआ सुमेरपुर (हमीरपुर)। हैदराबाद की एक कंपनी में चोरी के आरोप से भागे युवक ने गांव आकर घर में फंदा लगाकर आत्महत्या की कोशिश की। रस्सी के टूटने पर बचा तो कुछ देर बाद जहर खाकर जान दे दी।
क्षेत्र के मौहर गांव निवासी मलखान निषाद का पुत्र अजीत निषाद (18) हैदराबाद में रहकर एक कंस्ट्रक्शन कंपनी में कार्य करता था। सिसोलर थानाक्षेत्र के टोलाफाम गांव निवासी ठेकेदार प्रदीप यादव ने बताया कि एक पखवारे पूर्व उसने कंपनी में चोरी की थी और सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया था। कार्यवाही के भय से यह 12 दिन पहले गांव भाग गया था। मां लौंगी व बहन अनीता ने बताया कि तभी से ठेकेदार की धमकी से वह परेशान था।
शनिवार की दोपहर उसने गले में फंदा लगाकर आत्महत्या की कोशिश की। रस्सी के टूट जाने से जान बच गई। शाम के समय मौका पाकर जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ने पर उसे सदर अस्पताल ला रहे थे। रास्ते में उसकी मौत हो गई। वह इकलौता पुत्र था। पिता दस साल से लापता है। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। ठेकेदार का कहना है कि उसने किसी तरह का उत्पीड़न नहीं किया है, परिजनों के आरोप बेबुनियाद हैं।
थानाध्यक्ष राम आसरे सरोज ने बताया कि जहरीला पदार्थ खाने की सूचना पर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद जांच कराकर कार्यवाही की जाएगी।