हमीरपुर। राठ के बजरिया निवासी साॅफ्टवेयर इंजीनियर मयंक गुप्ता व सरीला के ममना निवासी अनंतराम गुप्ता की पत्नी सरोज की हादसे में माैत की पुष्टि परिजन ने की है। दोनों से संपर्क न होने पर बृहस्पतिवार सुबह परिजन घटनास्थल के लिए रवाना हुए थे। देर शाम परिजन को दोनों के शव जले हुए मिले। मयंक सरोज का मौसेरा भतीजा है। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल युवा के नगर अध्यक्ष उमाशंकर गुप्ता ने बताया कि दोनों के शव बुरी तरह जल चुके हैं। मयंक के कुछ कपड़े मिले जिससे पहचान हुई। सरोज का माथा चौड़ा था और वह लकवा की शिकार थीं। उसी अवस्था को देखकर शव की शिनाख्त की है। बताया कि दोनों के शवों को लेकर परिजन निकल चुके हैं और शुक्रवार सुबह तक कस्बा पहुंचेंगे।