मौदहा (हमीरपुर)। बेवफाई के शक में प्रेमी ने प्रेमिका का कत्ल कर शव मध्य प्रदेश के सतना जिले बरौध के जंगल में फेंक दिया। स्थानीय पुलिस मंगलवार को हत्यारोपी को साथ ले गई। पूछताछ में उसके हत्या करने की बात कबू्ल की है। स्थानीय पुलिस ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती (21) दिल्ली की प्राइवेट कंपनी में काम करतीं थीं। रविवार को अपने गांव आईं थीं। कस्बे के मोहल्ला फत्तेपुर निवासी प्रमोद साहू के साथ उसी दिन कहीं चलीं गईं। भाई ने मामले की जानकारी पुलिस को दी थी। रविवार रात बरौंध थाना क्षेत्र के जंगल में युवती का शव सतना पुलिस को मिला था।
हमीरपुर के एसपी शुभम पटेल ने बताया कि बरौंध थाना पुलिस ने युवती के मोबाइल से उसकी शिनाख्त की। बरौंध पुलिस की विवेचना में सामने आया कि युवती का गांव के प्रमोद साहू से कई वर्ष से परिचय था। इसी मामले में मंगलवार को स्थानीय पुलिस प्रमोद साहू को गांव से हिरासत में सतना ले गई है।
कोतवाल हेमंत कुमार मिश्रा का कहना है युवती अपने प्रेमी के साथ गई थी। जांच में सामने आया युवक ने युवती के मोबाइल में किसी दूसरे युवक की फोटो देख ली। जिस पर दोनों के बीच विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर युवती की हत्या करने के बाद शव जंगल में फेंका गया। हत्यारोपी के पूछताछ की जा रही है।