लखनऊ में डीएम डॉ.चंद्रभूषण त्रिपाठी को सम्मानित करते मुख्य अतिथि। संवाद
- फोटो : HAMIRPUR
हमीरपुर। जिलाधिकारी डॉ.चंद्रभूषण त्रिपाठी को श्रेष्ठ यूपी रत्न अवार्ड से सम्मानित किया है। ये इनाम उन्हें प्रशासनिक सेवा में उत्कृष्ट योगदान और सुशासन पर यूपी डवलपमेंट फाउंडेशन की ओर से दिया गया है।
लखनऊ के डैमसन प्लम होटल में रविवार को जिलाधिकारी को पुरस्कार दिया गया। जिला मजिस्ट्रेट डॉ.चंद्रभूषण ने एक मामले में संस्कृत भाषा में फैसला सुनाया था। एक दिन के लिए उच्च पदों पर बालिकाओं को कमान सौंप महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया।
यमुना पथवे पर यमुना मां की प्रतिमा स्थापित कराकर आरती प्रारंभ कराई। कलक्ट्रेट को आईएसओ सम्मान दिलाया। विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष व पारदर्शी ढंग से संपादित कराया। निर्वाचक नामावली के अंतर्गत आधार संकलन में जनपद को नंबर एक बनाने जैसे कई सर्वोच्च कार्य किए हैं।
केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर पहुंचा कर अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक उसका लाभ पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रही है।
देवरिया जिले के निवासी डॉ. चंद्रभूषण विशेष सचिव लोक निर्माण विभाग, संभागीय खाद्य नियंत्रक, एडीएम और सिटी मजिस्ट्रेट भी रह चुके हैं।