संवाद न्यूज एजेंसी
मुस्करा/गहरौली। क्षेत्र के दो गांवों में आयोजित मेला में दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जहां दूर-दराज से आए पहलवानों ने अपने दावपेंच दिखाए। जहां दिल्ली के सचिन ने दतिया के श्यामवीर को धूल चटा दी, वहीं 11 हजार की इनामी कुश्ती बराबरी में छूटी। दंगल का दर्शकों से भरपूर लुफ्त उठाया है।
मसगांव में चल रहे सात दिवसीय अमर शहीदों की स्मृति में आयोजित मेला महोत्सव में दो दिवसीय दंगल का आयोजन किया गया। पहले दिन दूर-दराज से आए पहलवानों ने अपना दमखम दिखाया। दंगल का शुभारंभ थानाप्रभारी बृजमोहन ने बांदा के रोहित व फतेहपुर के राजेश का हाथ मिलवाकर किया। जिसमें बांदा पहलवान विजयी रहा। वहीं दिल्ली के सचिन ने दतिया के श्यामवीर को चित किया जबकि अलीगढ़ के रवि व मथुरा के सचिन, हाथरस के असन व कानपुर के ओमवीर, इटावा के प्रकाश व जम्मू के मनजीत के बीच कुश्तियां बराबरी पर छूटी।
वहीं बांदा के बल्लू ने कन्नौज के इमरान को, ऊदल ने रामभवन को व दिल्ली के सचिन ने गोरखपुर के अमित को पराजित कर दिया। कमेटी अध्यक्ष व ग्राम प्रधान कमलेश कुशवाहा ने विजयी पहलवानों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इमलिया गांव में आयोजित दो दिवसीय दंगल के पहले दिन कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा नेता मदन मोहन राजपूत, प्रमोद अग्रवाल व शक्ति चौरसिया ने किया। जिसमें गुणा के रघुवर ने निवादा (बांदा) के रामचंद्र को चित कर छह हजार का इनाम जीता। जालौन के रमेश ने सूपा के धर्मवीर को हराकर 5,100 का इनाम जीता। 11 हजार की इनामी कुश्ती मथुरा के विश्वजीत व दिल्ली के भूपेंद्र की बीच हुई। करीब 30 मिनट तक चली कुश्ती बिना निर्णय के बराबरी पर रही। इस मौके पर आशीष शुक्ला, कल्लू महाराज, राजकुमार राजपूत आदि मौजूद रहे।