संवाद न्यूज एजेंसी
अजनर (महोबा)। कस्बा अजनर में चल रहे एपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट में बुधवार को दो मुकाबले खेले गए। पहले मुकाबले में दीपक ट्रेडर्स ने महाकाल क्लब को आठ विकेट से हराया जबकि दूसरे मुकाबले में स्यावन इलेवन विजेता बनी। मैच देखने के लिए क्रिकेटप्रेमियों की भीड़ जुटी रही।
खेल मैदान में चल रहे टूर्नामेंट में पहला मैच स्यावन इलेवन और हंसराज क्लब के बीच खेला गया। स्यावन इलेवन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। बल्लेबाजी करने उतरी हंसराज क्लब ने निर्धारित 12 ओवर में पांच विकेट खोकर 79 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्यावन इलेवन की शुरूआत तेज रही। पांच विकेट खोकर स्यावन इलेवन ने नौवें ओवर में ही मैच जीत लिया। टीम की ओर से मनीष ने सर्वाधिक 25 रन बनाए।
दूसरा मुकाबला दीपक ट्रेडर्स और महाकाल क्लब के बीच हुआ। दीपक ट्रेडर्स ने टाॅस जीतते हुए महाकाल क्लब को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। महाकाल क्लब की शुरुआत बेहद खराब रही। एक के बाद एक विकेट गिरने से पूरी टीम 44 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। जबाव में उतरी दीपक ट्रेडर्स के खिलाड़ियों ने महज 4.3 ओवर में आठ विकेट से यह मुकाबला जीत लिया। अंपायर की भूमिका घनेंद्र सिह व देवेंद्र यादव ने निभाई जबकि स्कोरर छेदीलाल और कमेंट्रेटर अभिजीत सिंह रहे। इस मौके पर भारत सिंह, धर्मेंद्र प्रजापति, मु. माजिद आदि मौजूद रहे।