सुमेरपुर में मारपीट के बाद घटना स्थल पर खड़ा पुलिस फोर्स।
- फोटो : अमर उजाला
शनिवार की सुबह बस स्टैंड पर बस से उतरते समय मोबाइल चोरी कर एक युवक भागकर पड़ोसी के घर में जा घुसा। पकड़ने गए पुलिसकर्मियों पर आरोपी ने परिजनों के साथ हमला बोल दिया। इसमें एक सिपाही की वर्दी फट गई। होमगार्ड को भी महिलाओं ने जमकर पीटा। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी मौके पर पहुंच और आरोपी के पिता, उसके एक साथी को पकड़ लाई। आरोपी मकान की दीवार फांदकर भाग निकला। पुलिस ने समाचार भेजे जाने तक इस मामले में कोई मामला दर्ज नहीं किया है। कुशीनगर जनपद के हरदहा गांव निवासी विवेक कुमार पुत्र नंदलाल जायसवाल कस्बे के औद्योगिक नगर में संचालित रिमझिम इस्पात फैक्ट्री में क्रेन चालक है। शनिवार की सुबह वह गांव से फैक्ट्री आ रहा था। बस स्टैंड में बस से उतरते समय उसकी जेब में पड़ा मोबाइल बस स्टैंड के पास रहने वाले दुलारे नाम के युवक ने निकाल लिया। मोबाइल निकालते समय विवेक ने उसे पकड़ लिया। आरोपी छीनाझपटी में भारी पड़ा और मोबाइल लेकर पड़ोसी के घर में जा घुसा। सूचना विवेक ने थाने में दी तो प्रभारी थानाध्यक्ष विनय कुमार सिंह ने जीप चालक स्वतंत्र कुमार व होमगार्ड जगदीश को मौके पर भेजा। बताया जाता है कि आरोपी के घर पहुंच कर सिपाही ने उसे दबोच लिया और थाने लाने लगा। तभी परिजनों, जिसमें महिलाएं भी शामिल थीं, ने सिपाही पर हमला बोल दिया। मारपीट कर उसकी वर्दी फाड़ दी। सिपाही को बचाने की कोशिश कर रहे होमगार्ड भी पीटा गया। आरोपी दुलारे इस दौरान घर की दीवार फांदकर भाग निकला। सूचना मिलने पर प्रभारी थानाध्यक्ष ने एसआई रविवैजल शर्मा व कोबरा टीम के साथ मौके पर पहुंच कर दुलारे के पिता व उसके साथी रामजी को पकड़ लाए। समाचार भेजे जाने तक इस संबंध में पुलिस ने कोई मामला दर्ज नहीं किया था।