भरुआ सुमेरपुर (हमीरपुर)। इंगोहटा ग्राम प्रधान को जेल से बंदियों ने धमकी दी है। इसकी शिकायत उसने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग सहित आला अधिकारियों को प्रार्थनापत्र देकर की है। प्रधान का आरोप है कि जेल से दो बंदी निकलने के बाद जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। उसने उन पर गैंगेस्टर व गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग की है। इंगोहटा ग्राम प्रधान शीतल प्रसाद को 12 जून को जिला बदर अपराधी रामबाबू व हिस्ट्रीशीटर सत्तीदीन ने अपने एक अन्य साथी छंगा कोरी के साथ रात में उसके दरवाजे चढ़कर गाली गलौज करते हुए 20 हजार रुपये हर माह गुंडा टैक्स की मांग की। इसके अलावा हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाई। इस मामले में थाना पुलिस ने 15 जून को दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 387, 504 व 506 के तहत मुकदमा दर्जकर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस समय दोनों जेल में निरुद्ध हैं। ग्राम प्रधान शीतल प्रसाद का आरोप है कि दोनों अपराधी जेल से बराबर धमकी दे रहे हैं। जेल से छूटने के बाद उसे जान से मार देंगे। इससे वह दहशत में है। उसने राष्ट्रीय मानवाधिकार सहित प्रदेश के आला अधिकारियों को प्रार्थनापत्र भेजकर जेल में निरुद्ध दोनों आरोपियों के खिलाफ गैंगेस्टर व गुंडा एक्ट की कार्रवाई की मांग की है। साथ ही जान माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। थानाध्यक्ष का कहना है कि जानकारी मिलने पर जांच करवाकर कार्रवाई की जाएगी।