रिश्वत देकर प्रबंध समिति कार्यकारिणी का अनुमोदन कराने व वीडियो क्लिप बनाकर समाचार चैनलों में चलवाने की धमकी देना कैप्टन शंकरध्वज औद्योगिक जूनियर हाईस्कूल मलेहटा के नवनिर्वाचित प्रबंधक को महंगा पड़ हुआ। बीएसए ने प्रबंधक व उसके पिता समेत चार लोगों के खिलाफ स्थानीय कोतवाली में सरकारी काम में बाधा पहुंचाने व जानमाल की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी डा.इंद्रजीत प्रजापति ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि कैप्टन शंकरध्वज औद्योगिक जूनियर हाईस्कूल मलेहटा राठ की प्रबंध समिति का निर्वाचन 27 जून 2016 को हुआ था। जिसमें अभय सिंह भदौरिया निवासी राठ अध्यक्ष बनाए गए।
प्रबंध समिति को अनुमोदित कराने के लिए अभय सिंह भदौरिया ने 12 जुलाई को प्रपत्र उनके कार्यालय में प्रस्तुत किए। बताया कि तत्काल निर्वाचित समिति को अनुमोदित करने का दबाव बनाया। इसके बाद 23 जुलाई की शाम करीब 6:30 बजे से सात बजे उनके आवास पर अभय सिंह भदौरिया अपने पिता अरुण सिंह भदौरिया के साथ आए।
आरोप लगाया कि वह दबाव बनाकर 50-50 व सौ-सौ के नोटों की गड्डियां देने लगे। विरोध करने पर रुपये मेज पर रख दिए। जिसे उन्होंने वापस किया। इसी दौरान अभय ने मोबाइल से वीडियो क्लिप बना ली और चले गए। इसके बाद अभय ने वीडियो क्लिप का सहारा लेते हुए 25 जुलाई को कार्यालय आकर धमकाया।
बीएसए ने आरोप लगाया कि आरोपी ने कहा कि उनका कार्य कर दें वरना इस वीडियो को समाचार चैनल में चलवाया जाएगा। पुलिस ने अभय व उसके पिता अरुण सिंह भदौरिया और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। कोतवाल अनूप कुमार सिंह ने बताया कि मामले की विवेचना एसएसआई चंचल कुमार यादव को दी गई है।