कोतवाली के औड़ेरा गांव में एक युवती ने परिजनों से विवाद के बाद खेत में लगे पेड़ पर फांसी लगा ली। परिजनों ने शव का बिना पोस्टमार्टम कराए अंतिम संस्कार कर दिया। इसी तरह से पारिवारिक कलह के चलते कस्बे के सिकंदरपुरा मोहल्ले में युवक ने फांसी लगा ली। युवक को इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया।
औड़ेरा गांव निवासी मर्दन अहिरवार की 19 वर्षीया पुत्री पप्पी देवी ने बुधवार रात गांव के बाहर एक खेत में फांसी लगा ली। चर्चा है कि पप्पी का परिवार में किसी से बुधवार की शाम विवाद हो गया था। विवाद होने पर पप्पी रात में घर से गायब हो गई। परिजन आधी रात तक उसे खोजते रहे। बताया जाता है कि खोजबीन के दौरान युवती एक पेड़ पर लटकी मिली। परिजन शव को लेकर घर पहुंचे। गुरुवार की सुबह बिना पोस्टमार्टम कराए अंतिम संस्कार कर दिया।
बताया जाता है पप्पी ने कुछ अनाज बेच दिया था। जिसको लेकर विवाद हुआ। कोतवाल मनोज कुमार शुक्ला ने बताया उनके पास मामले की कोई सूचना नहीं है। जानकारी कर कार्रवाई करेंगे। इसी तरह सिकंदरपुरा निवासी हरीराम के 20 वर्षीय पुत्र ने पारिवारिक कलह के चलते फांसी लगा ली। मगर समय रहते परिजनों के देख लिया और उसे सीएचसी ले गए। डा. आलोक ने बताया युवक की हालत में सुधार है।
मामूली विवाद में युवक ने फांसी लगाई
भरुआसुमेरपुर। बरुआ गांव में बुधवार देर शाम शराब के नशे में धुत युवक ने पत्नी से विवाद के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से परिवार में कोहराम मचा है। बरुआ निवासी विजय कुमार निषाद (36) बुधवार देर शाम शराब पीकर घर आया और किसी बात को लेकर उसका पत्नी से विवाद हो गया। इसके बाद उसने घर के अंदर ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जिससे परिजनों में कोहराम मच गया।
प्रधान छेदीलाल निषाद ने बताया मृतक के दो पुत्रियां और तीन पुत्र है। प्रधान ने मृतक की पत्नी रेखा के हवाले से बताया उसका भाई मकान बना रहा था। जिसका विरोध विजय कुमार कर रहा था। जिस पर भाई ने यूपी 100 को सूचित किया था। पुलिस के मौके पर आने के बाद उसकी पत्नी ने कहा कि उनको कोई आपत्ति नहीं है वह अपना मकान बनाएं। इसी बात से विजय कुमार और पत्नी के बीच विवाद हो गया। इसी से क्षुब्ध होकर उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।