जिलाधिकारी संध्या तिवारी ने गोहांड विकासखंड के पवई गांव में चौपाल लगाकर
ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। मनरेगा में लापरवाही बरतने के आरोप में रोजगार
सेवक की सेवा समाप्त करने तथा सचिव के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के
निर्देश दिए।
शीतकालीन भ्रमण के चलते डीएम ने पवई गांव के प्राथमिक
विद्यालय में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। ग्रामीणों ने शमशान
घाट के रास्ते पर गांव के मंगलसिंह लोधी द्वारा मकान निर्माण कराने की
शिकायत की।
तो डीएम ने लेखपाल से नक्शा मंगाकर हकीकत जानी व नक्शे में दर्ज
रास्ते का अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। ग्रामीणों द्वारा गांव के बड़े
तालाब में अतिक्रमण की शिकायत की। अंजनी देवी ने प्रेरक का चयन कराने की
मांग की।
विधवा व वृद्धा पेंशन न आने की शिकायत पर डीएम ने शीघ्र खातें में
पेंशन भेजे जाने की बात कही। डीएम ने गांव में राज्य वित्त व 13वें वित्त
से कराए गए कार्यो की जानकारी ली। खातों में अवशेष धनराशि की सही जानकारी न
देने पर सचिव को फटकर लगाते हुए विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए।
मनरेगा
की समीक्षा में ग्रामीणों द्वारा काम न मिलने की शिकायत पर एक सुर में की।
जिस पर डीएम ने रोजगार सेवक बृषभान की सेवा समाप्त किए जाने के निर्देश
दिए।
चौपाल के दौरान जयसिया माता सामाजिक जन कल्याण समिति ने पेयजल के लिए
पानी की टंकी, जर्जर विद्युत लाइनें बदलने, पवई गांव से अमगांव तक सड़क
निर्माण कराने तथा तालाब का सुंदरीकरण कराने संबंधी ज्ञापन सौंपा। इस दौरान
एसडीएम आरएस वर्मा, तहसीलदार डीएन गौतम, बीडीओ राजनारायण दोहरे, ग्राम
प्रधान व सचिव मौजूद रहे।