ललपुरा थानाक्षेत्र के कलौलीजार गांव में पत्नी को न भेजने पर आक्रोशित पति ने अपने परिजनों के साथ मिलकर ससुरालियों को जमकर मारापीटा और हवाई फायरिंग की। फायरिंग करने पर जब ग्रामीण एकत्र होने लगे तो वे लोग भाग निकले। पीड़ित ससुर ने थाने में पुत्री के ससुरालियों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट कर हवाई फायरिंग करने की तहरीर दी है।
कलौलीजार गांव निवासी रामनारायन की पुत्री उर्मिला की शादी 14 वर्ष पूर्व मुस्करा थानाक्षेत्र के मसगांव निवासी गणेश उर्फ अरविंद से हुई थी। पीड़ित रामनारायन ने बताया कि पुत्री उर्मिला के साथ ससुरीलीजन मारपीट करते हैं। कई बाद रिश्तेदारों व संभ्रांत लोगों के समक्ष सुलह समझौता हो चुका है। दोनों के चार पुत्रियां व एक पुत्र है।
बताया कि 12 जुलाई को उसके भाई के बेटे की शादी थी। जिसमें पुत्री उर्मिला भी आई थी। शनिवार को देर शाम पति उसे लेने आ गया। लेकिन उन्होंने बेटी को सुबह ले जाने को कहा। इसी बात से नाराज होकर दामाद चला गया और रात करीब 12 बजे वह अपने परिजनों के साथ बोलेरो से आया और घर में घुसकर उसे, उसकी पत्नी, पुत्र तुलसीराम, बहू आरती व पुत्री उर्मिला के साथ मारपीट की और दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग की।
फायरिंग के दौरान भाई सुरेश बाल-बाल बच गया। फायरिंग की आवाज सुनकर ग्रामीण एकत्र हो गए। जिस पर आरोपी ससुरालीजन बोलेरो में बैठकर भाग गए। पीड़ित ने रात में ही मोबाइल से ललपुरा थाना पुलिस को सूचना दी। जिस पर रात में ही एसआई घटना स्थल पर पहुंचे।
रामनारायन ने दामाद गणेश उर्फ अरविंद, ससुर मुन्ना, सास प्रेमा, देवर देवेंद्र के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट कर हवाई फायरिंग करने की तहरीर दी है। थाना ललपुरा के एसएसआई मेवालाल मौर्य का कहना है कि सूचना पर उन्होंने गांव पहुंच कर जांच पड़ताल कर ली है। कहा कि हवाई फायरिंग नहीं हुई।