जहरखुरानी का शिकार हुआ युवक मंत्री कुशवाहा।
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के भरतपुर से वापस गांव लौट रहा युवक कानपुर से मानिकपुर जा रही पैसेंजर ट्रेन में जहरखुरानी का शिकार हो गया। स्थानीय रेलवे स्टेशन में यात्रियों की मदद से उतारकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में यूपी डायल 100 के जवानों ने भर्ती कराया। होश में आने पर उसके परिजनों को सूचना भेजी है।
बिवांर थानाक्षेत्र के ग्राम मवईजार निवासी मगल कुशवाहा का पुत्र मंत्री कुशवाहा (25) भरतपुर राजस्थान में रहकर मजदूरी करता है। सोमवार को वह गांव आने के लिए भरतपुर से चला था। कानपुर पहुंचने के बाद वह मानिकपुर जा रही पैसेंजर ट्रेन पर सवार हुआ। कस्बे आते समय वह रास्ते में जहरखुरानी का शिकार हो गया। रेलवे स्टेशन में इसे बेहोशी की हालत में उतारा गया। स्टेशन मास्टर ने इसकी सूचना यूपी डायल 100 को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को कस्बे के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। होश में आने पर इसने नाम पता बताया। उसी के आधार पर परिजनों को सूचित किया गया।