मौदहा कोतवाली क्षेत्र के नायकपुरवा (इचौली) में बुधवार को एक युवक ने पत्नी के मायके से न आने पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
नायकपुरवा (इचौली) गांव निवासी इंतजार (24) पुत्र जहांगीर की शादी एक वर्ष पूर्व निकट के करहिया गांव में हुई थी। उसके पिता की मौत पहले हो चुकी है। उसका बड़ा भाई कस्बे में रहता है। तीन बहनें थीं जिनमें सभी की शादी हो चुकी है। शादी के बाद कुछ दिन तो पति पत्नी सुखी दांपत्य जीवन बिताते रहे। पड़ोसियों ने बताया कि इसी बीच उसके साढू का उसके घर आना जाना शुरू हो गया।
इसी बात पर दोनों में विवाद हो गया। बीते एक माह विवाहिता घर से बिना बताए चली गई। जिस पर वह खासा नाराज हुआ और इसकी सूचना भी उसने पुलिस को दी थी। दो सप्ताह पूर्व वह पत्नी को लिवाने गया। लेकिन उसने आने से मना कर दिया। बुधवार को वह घर पर अकेला था। इसी दौरान उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय मां बाहर गई थी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।