भरुआसुमेरपुर कसबे में महर्षि दयानंद स्मृति सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में सफल हुए मेधावियों के लिए आयोजित अलंकरण समारोह में प्रदेश टॉप छात्र को मुख्य अतिथि संासद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल ने पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा से ही सम्मान प्राप्त किया जा सकता है। आर्य समाज व आर्यवीर दल देश की संस्कृति को सम्मान दिलाने में अहम भूमिका अदा कर रहा है।
आर्यवीर दल ने बीते वर्ष सितंबर माह में महर्षि दयानंद स्मृति की 19वीं प्रांतीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन कराया था। जिसमें पूरे प्रदेश के 40 जनपदों के 71826 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए। जिसमें मुख्यालय के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज के छात्र केशरी मिश्रा ने 50 में 46 अंक हासिल कर प्रांतीय परीक्षा में टॉप किया।
रविवार को आर्यवीर दल द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में क्षेत्रीय सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल ने कंप्यूटर व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। जिले में प्रथम स्थान पाने वाले आकांक्षा साहू, रोहित धुरिया, मोहित गुप्ता को सम्मानित किया। इसके साथ ही परीक्षा में अच्छे अंक पाने वालों को भी सम्मानित किया गया।
इस दौरान पूर्व चेयरमैन आनंदी प्रसाद, मुन्नीलाल अवस्थी, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शिवनारायन सोनकर, रामदत्त पांडेय, रामबिहारी शुक्ला, रामेश्वर आर्य, पंकज आर्य आदि मौजूद रहे। परीक्षा में सफल संचालन करने पर मुख्यालय के सरदार पटेल बालिका इंटर कालेज की प्रधानाचार्य स्नेहा सचान को भी सम्मानित किया गया।