किशोरी का दो युवकों ने अपहरण कर लिया। पांच दिनों तक उससे दुराचार करते रहे। आरोपियों के चुंगल से किसी तरह छूटी किशोरी घर पहुंची।
पीड़िता के पिता ने बताया कि एक जून को उसकी 15 वर्षीय पुत्री घर के पास दुकान गई थी। घर नहीं लौटी तो उसने दो जून को सुमेरपुर थाने में तहरीर दी मगर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। छह जून की सुबह उसकी पुत्री घर पहुंची जहां उसने अपनी व्यथा सुनाई। आरोप लगाया कि सुमेरपुर के गुरगुज मोहल्ला निवासी राहुल व घाटमपुर सजेती थानाक्षेत्र धरमंगलपुर गांव निवासी योगेंद्र उसे घाटमपुर के एक गांव ले गए थे, जहां दोनों उसके साथ दुराचार करते रहे। छह जून को थाने जाकर तहरीर दी जहां पुलिस ने चलता कर दिया।
एसपी से गुहार के बाद गुरुवार को दोनों आरोपियों को नामजद करते हुए अपहरण करने का मुकदमा दर्ज किया गया। किशोरी ने बताया कि आरोपी उसे चार पहिया वाहन में ले गए थे और जहरीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया। इस मामले में थानाध्यक्ष एके सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ अपहरण करने का मुकदमा दर्ज किया गया है। बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। मेडिकल में दुष्कर्म की बात आती है तो दर्ज मुकदमे में धारा बढ़ाई जाएगी और फिर किशोरी का न्यायालय में 164 का बयान कराया जाएगा।