राठ में बालक की मौत की जानकारी देते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
घर के दरवाजे पर खेल रहे तीन वर्षीय बालक को लोडर ने रौंद दिया। परिजन उसे लेकर प्राइवेट अस्पताल पहुंचे जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
चिकासी थाने के अतरा गांव निवासी पिंकी पत्नी यशपाल पांचाल अपने बच्चों के साथ मझगवां थाने के मुस्करा खुर्द गांव अपने मायर्के आइं हैं। मंगलवार सुबह उनका पुत्र निर्भय (3) घर के दरवाजे पर खेल रहा था। तभी वहां से गुजर रही लोडर के नीचे आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मासूम की चीखें सुन लोगों की भीड़ लग गई।
परिजन उसी गाड़ी से बालक को लेकर एक प्राइवेट अस्पताल पहुंचे। जहां पर डाक्टरों ने बालक को मृत घोषित कर दिया है। बालक के मामा देशराज ने बताया कि उसकी बहन गर्मियों की छुट्टियां बिताने अपने बच्चे आशीष (5) व निर्भय (3) के साथ मायके आई थी।
उसे क्या पता कि मायके में उसे अपने मासूम पुत्र निर्भय को गंवाना पडे़गा। बताया लोडर गांव के ही बहादुर पाल की है। कोतवाली प्रभारी मनोज शुक्ला ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजनों ने किसी के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी है।