मौदहा। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत बनाए जाने वाले राशन कार्ड की अंतिम तिथि 2 मार्च है। लेकिन अभी तक 30 प्रतिशत भी कार्य नहीं हो सका है।
शनिवार को जिलाधिकारी संध्या तिवारी ने तहसील क्षेत्र में लगाए गए नोडल अधिकारियों व सुपरवाइजरों की बैठक की। बैठक से नदारत रहे अधिकारियों पर नाराजगी जताते हुए उनसे स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए। सबसे चिंता की बात यह रही कि तहसील स्तरीय इस बैठक में मुस्करा विकासखंड के बीडीओ सहित कोई भी कर्मी उपस्थित नहीं हुआ।
बैठक में 17 में 10 नोडल अधिकारियों के न आने पर संबंधित विभागों के अधिकारियों से डीएम नाखुश दिखीं। उन्होंने निर्देश दिए कि सबसे चेतावनी के साथ स्पष्टीकरण लिया जाए। उन्होंने कहा कि यह योजना भारत सरकार चला रही है और इसकी तारीख 2 मार्च निर्धारित है।
2 मार्च तक परिवार की महिला मुखिया की आईडी, फोटो तथा बायोडेटा सहित आवेदन प्राप्त कर लें। इसके बाद कोई आवेदन न लें और समय रहते इसे पूरा करें। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि तिथि बढ़ाने के लिए लिखा गया है। मगर जरूरी नही कि तिथि बढ़ ही जाए। बैठक में एसडीएम प्रवीणा अग्रवाल व जिला पूर्ति अधिकारी सहित स्थानीय बीडीओ मौजूद रहे।