राठ (हमीरपुर)। एक माह पूर्व सब्जी व्यापारी के घर हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने सोमवार को खुलासा किया। पुलिस ने दो चोरों को गिरफ्तार कर जेवरात बरामद किए। पकड़ा गया एक चोर 10 हजार का इनामी है।
मुगलपुरा निवासी जलील राईन पुत्र जुम्मन की कोटबाजार में सब्जी की आढ़त है। 23 नवंबर की रात चोरों ने उसके घर में घुसकर कमरे में टंगे पेंट से 25 हजार रुपये, अलमारी तोड़कर एक लाख रुपये और सोने का हार, चार चूड़ियां, कंगन, चेन, चांदी की पायल, सोने की झुमकी, मनचली, नौ अंगूठी चोरी कर ले गए थे।
सब्जी व्यापारी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में एसपी हेमराज मीना ने सोमवार को घटना का खुलासा किया। बताया कि चोर शमीम उर्फ बबलू पर 29 मामले कानपुर सहित अन्य स्थानों पर दर्ज हैं।
इस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित है। कोतवाल मनोज कुमार शुक्ला ने बताया रविवार की रात एसआई गुलाब सिंह, धनंजय सिंह, अभिषेक यादव, कांस्टेबल अमन सिंह, विजय कुमार ने उरई बस स्टैंड के पास शमीम उर्फ बबलू उर्फ मामू पुत्र इब्राहीम निवासी गुलाब नगर, पप्पू उर्फ टेढ़ी पुत्र रहीम निवासी छोटी जुलेहटी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से जेवर और डेढ़ हजार रुपये बरामद किए हैं। पीड़ित ने जेवरों की पहचान कर ली है। बताया आरोपियों के पास से लोहे का सब्बल, एक कटार आदि बरामद हुआ है। एक चोर अभी भी फरार है।
दो चोरों को गिरफ्तार कर लाखों के जेवर बरामद
10 हजार के इनामी चोर पर दर्ज हैं 29 मुकदमे
अमर उजाला ब्यूरो