अमर उजाला ब्यूरो
भोरंज (हमीरपुर)।
पुलिस थाना भोरंज के अंतर्गत टकौता में एक बेटे ने मां पर दराट से जानलेवा हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। तेजधार दराट के वार से महिला के हाथ लहूलुहान हो गए हैं। युवक ने अपने बड़े भाई पर दराट से हमला करने का प्रयास किया। घायल महिला को प्राथमिक उपचार के लिए भोरंज अस्पताल ले जाया गया। महिला को क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर रेफर कर दिया गया। वहीं वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया है। देरशाम तक आरोपी को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है। अजीत कुमार पुत्र स्व. कृष्ण दास निवासी टकौता भट्टां भोरंज ने शिकायत दर्ज करवाई है कि वह सम्मू ताल कस्बा में मोटर मैकेनिक की दुकान करता है। वीरवार सुबह करीब ढाई बजे उसकी माता कमला देवी अपने कमरे में सोई थी। इसी कमरे में उसका छोटा भाई प्रदीप कुमार सोया हुआ था। उसे माता कमला देवी के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। चिल्लाने की आवाज सुनकर वह अपने कमरा से बाहर निकला तो उसने देखा कि उसके भाई ने हाथ में एक दराट पकड़ा हुआ था और मां के पीछे आंगन में दौड़ा हुआ था। इस दौरान उसने दराट से मां पर हमला कर दिया। इससे कमला देवी के हाथ दराट से किए हमले से लहूलुहान हो गए। इसके बाद प्रदीप कुमार दराट लेकर इसे मारने के लिए भी दौड़ा लेकिन उसने भागकर अपनी जान बचाई। प्रदीप कुमार ने उसे और उसकी माता को जान से मारने की धमकियां भी दीं। पुलिस ने शिकायत पर प्रदीप कुमार के खिलाफ भादसं की धारा 324, 307 और 506 के तहत मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद क्षेत्रीय अस्पतारल रेफर कर दिया गया है।
एसपी रमन कुमार का कहना है कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।